मोदीजी आ रहे हैं.. लाखों लीटर पेट्रोल डीजल रिजर्व रखो
पेट्रोल पम्प संचालकों को मिले आदेश
सन्तोष खाचरियावास
9461594230
जयपुर। लो, आखिरकार पेट्रोल पंप संचालकों को सरकारी फरमान तामील हो गया। उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आमसभा के मद्देनजर हजारों कार्यकर्ताओं की गाड़ियों के लिए लाखों पेट्रोल डीजल रिजर्व रखने की हिदायत दी गई है। मोदी एक बार फिर राजस्थान आ रहे हैं। 28 फरवरी को वह अजमेर की कायड़ विश्राम स्थली में आमसभा को सम्बोधित करेंगे। अजमेर की जिला रसद अधिकारी प्रथम मोनिका जाखड़ ने इस सम्बंध में सभी पेट्रोल पंप संचालकों को आदेश जारी किए हैं। ऐसे ही आदेश सभी जिलों में सम्बंधित डीएसओ ने जारी किए हैं।
लोकसभा-विधानसभा चुनावों की तर्ज पर प्रधानमंत्री रैली के लिए इस बार भी जिला प्रशासन वाहनों में पेट्रोल डीजल मुफ्त भरने के लिए कूपन जारी करेगा। ये कूपन कार्यकर्ताओं में वितरित किए जाएंगे। उनके शहर की अजमेर से दूरी और वाहन बस है या कोई अन्य, इस आधार पर पेट्रोल डीजल के कूपन दिल खोलकर दिए जाएंगे। 400 बसों और हजारों अन्य वाहनों के हिसाब से हजारों लीटर तेल के कूपन बंटेंगे। ये कूपन देकर बदले में कार्यकर्ता राज्य में कहीं भी किसी भी पेट्रोल पंप से फ्री में तेल भरवा सकेंगे।
यह है चिंता
पूरे राजस्थान के पेट्रोल पंप संचालकों की चिंता यह है कि एक बार उनका पैसा उधारी में फंसेगा। पीएम मोदी की पिछली यात्रा का उधार अभी चुका भी नहीं कि फिर उधार का पेट्रोल डीजल फूंकने की तैयारी है। यहां तक कि पिछले साल जयपुर में हुई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली के लिए उधार दिए गए पेट्रोल डीजल के सभी बिलों का भी अब तक भुगतान नहीं हुआ है। गत वर्ष नागौर में हुई मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की रैली का भुगतान भी अब तक बाट जोह रहा है।
400 बसें-हजारों कार-जीपें आने का अनुमान
इस बार अजमेर में हो रही पीएम मोदी की आमसभा में पूरे प्रदेश से भाजपा कार्यकर्ताओं को लाने के लिए 400 बसें आरटीओ के जरिए 'बुक' की जाएंगी। इनके अलावा हजारों कारों-जीपों के जरिए कार्यकर्ता और लाभार्थी यशस्वी प्रधानमंत्री को सुनने अजमेर आएंगे। कुल दो लाख लोगों को बुलाने का लक्ष्य रखा गया है। राज्य के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को पेट्रोल डीजल का अतिरिक्त स्टॉक रिजर्व रखने के निर्देश दे दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें : 99 हजार करोड़ रुपए की बचत किसके खाते में गई ? जनता हैरान
https://newsnazar-portal.
इससे पहले..
पीएम मोदी ने 17 दिसम्बर 2024 को दादिया जयपुर में रैली की थी। उन्होंने यहां भजनलाल शर्मा सरकार की उपलब्धियों का गुणगान किया।
यह है व्यवस्था
पेट्रोल पंप संचालकों को पाबंद किया जाता है कि वे कूपन में लिखी मात्रा के अनुसार तेल उनके वाहन में मुफ्त भरेंगे। इसके बाद जिला परिवहन कार्यालय में अपना बिल पेश करके भुगतान प्राप्त कर सकेंगे। लेकिन हकीकत में यह भुगतान लेने के लिए पेट्रोल पंप संचालकों को बड़ी परेशानी उठानी पड़ती है। आमतौर पर चुनाव के दौरान लगे वाहनों के पेट्रोल डीजल के बिल क्लीयर कराने में ही उन्हें चक्कर लगाने पड़ जाते हैं। कई बिल अब भी लंबित पड़े हैं। ऐसे में पेट्रोल पंप संचालकों के लाखों रुपए जिला प्रशासन में अटके हुए हैं। अपना पैसा पाने के लिए उन्हें अफसरों की मिन्नतें करनी पड़ रही है। इस बार भी उन्होंने रैली के वाहनों में मुफ्त पेट्रोल डीजल भरा तो उसका भुगतान कब तक होगा, इसकी कोई गारंटी नहीं है।
वे मन ही मन प्रार्थना कर रहे हैं कि उनके पम्प पर कोई बस कूपन लेकर डीजल भरवाने नहीं आएं। क्योंकि कोई आया तो वे उसे मना भी कर सकते हैं, जिला प्रशासन के आदेश जो हैं।
जगह जगह भोजन-नाश्ता, रात्रिविश्राम के इंतजाम भी
दूरदराज के जिलों से अजमेर की तरफ कूच करने वाले मोदी के 'बाराती' रास्ते में जिस भी जिले से गुजरेंगे, वहां का जिला प्रशासन उनकी आवभगत में हाजिर रहेगा। उन्हें त'कुंवर कलेवा' कराने की जिम्मेदारी राज्य सरकार ने इस बार भी स्थानीय जिलों के प्रशासन को सौंपी है। मार्ग में पड़ने वाले जिला मुख्यालयों पर उनके ठहराव और भोजन नाश्ते की व्यवस्था स्थानीय जिला प्रशासन के माथे मढ दी है। हर ठहराव स्थल पर हजारों कार्यकर्ताओं के लिए भोजन-नाश्ता और रात्रिविश्राम का भी निःशुल्क बंदोबस्त किया जाएगा।
ऐसे आते हैं आदेश
राजस्थान के सभी जिलों में संबंधित जिला रसद अधिकारी तीनों सरकारी तेल कंपनियों के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को आदेश जारी करते हैं कि वे प्रधानमंत्री की रैली के मद्देनजर अपने यहां डेड स्टॉक के अतिरिक्त साढ़े तीन हजार लीटर तेल अलग से रिजर्व रखेंगे। इसमें 1000 लीटर पेट्रोल और ढाई हजार लीटर डीजल रिजर्व करना जरूरी होगा। इसके अलावा 200 लीटर ऑयल रिजर्व रखने के आदेश दिए जाते हैं। हैरानी की बात यह है कि लुब्रिकेंट यानी ऑयल के लिए गिने चुने कूपन ही जारी किए जाते हैं जबकि पेट्रोल डीजल के कूपनों की हर बार जमकर बन्दरबांट होती है।
.jpeg)
.png)



Comments
Post a Comment