कढ़ी कचौरी में गिरी छिपकली, दुकानदार बोला-हरी मिर्च है...

 




अजमेर। शहर के केसरगंज इलाके में एक मशहूर कढ़ी कचौरी की दुकान पर ग्राहकों की सतर्कता से बड़ी घटना होते होते टल गई। यहां कढ़ी के भगोने में छिपकली गिर गई। ग्राहकों के हंगामे के बाद दुकानदार को यह कढ़ी फेंकनी पड़ी।

प्रत्यक्षदर्शी सूत्रों ने बताया कि वाकिया रविवार रात करीब नौ बजे घटित हुआ। दुकान में रखे गर्म कढ़ी के भगोने में अचानक एक छिपकली का बच्चा गिर गया। वहां खड़े ग्राहक विजय सिंह की उस पर नजर पड़ गई। उन्होंने तुरंत दुकानदार को बताया तभी दुकान के नौकर ने भगोने में चम्मच घुमा दिया, जिससे छिपकली का बच्चा कढ़ी में डूब गया। 

घटना की गम्भीरता को नजरअंदाज करते हुए दुकानदार व नौकर ने ग्राहक को भृमित करते हुए कहा दिया कि आपने हरी मिर्ची देखी होगी। 

इस पर ग्राहक विजय सिंह सहित अन्य ग्राहकों ने आपत्ति जताते हुए यह कढ़ी हटाने को कहा तो दुकानदार अपनी लापरवाही मानने की बजाय अड़ गया। उसका नौकर भी ग्राहक से बदजुबानी करने लगा। लेकिन ग्राहक हंगामा करने लगे। पुलिस को सूचना देने की बात कहने लगे। 

मामला बढ़ता देख दुकानदार ने नौकर से तुरंत कढ़ी का भगोना नाली में खाली करने को कह दिया। इसके बाद ग्राहकों ने कढ़ी कचौरी न खाने में ही भलाई समझी और वहां से लौट गए। ग्राहकों ने इस सम्बंध में फूड सेफ्टी टीम से शिकायत करने की बात कही है। 

यह भी पढ़ें : तेजस एक्सप्रेस में बासी समोसे परोसने पर यात्रियों का हंगामा



Comments