महाकुंभ में स्नान करती महिलाओं और युवतियों के वीडियो वायरल किए, युवक पर एफआईआर

 




आजमगढ़। महाकुंभ में महिलाओं, युवती के नहाते हुए फोटो और वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। सोशल मीडिया पर लगातार पुलिस नजर रख रही है। अब कई लोगों पर एफआईआर दर्ज हो चुकी है और कई को पुलिस जेल भेज चुकी है। 

इसी बीच, यूपी के आजमगढ़ जिले के पवई थाना में एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। युवक ने सोशल मीडिया पर महाकुंभ के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की और स्नान करती महिलाओं और लड़कियों की फोटो शेयर किए। पुलिस मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।

पवई थाना के उप निरीक्षक सुरेंद्र कुमार यादव ने 21 फरवरी को पवई कस्बा निवासी कादिर आजमी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया है। आरोप है कि कादिर आजमी ने सोशल मीडिया पर महाकुंभ में स्नान कर रहीं महिलाओं, लड़कियों की फोटो और वीडियो शेयर कर आपत्तिजनक कमेंट किए। साथ ही महाकुंभ पर भ्रामक वीडियो पोस्ट किए। पुलिस का कहना है कि यह पोस्ट ट्विटर और सोशल मीडिया पर हिंदू आस्था को भड़काने और महिलाओं पर कमेंट करने के लिए की गई थी। इसके मद्देनजर कादिर आजमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।




एसपी हेमराज मीणा ने बताया कि पुलिस सोशल मीडिया पर ऐसी गतिविधियों की निगरानी कर रही है और ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, जो सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। साथ-साथ यह भी कहा कि लोगों को इस तरह की पोस्ट से बचना चाहिए, जो भी इस तरह की घटना लिप्त होगा उसके द्वारा किया गया कृत्य सोशल मीडिया पर मौजूद रहेगा और वह सबूत के तौर पर काम करेगा। इस बात को कोई झुठला नहीं सकता और इसी सबूत के आधार पर उस पर कड़ी कार्रवाई होगी। साथ ही उसे सजा भी मिल सकती है।

Comments