महाकुंभ में भीड़ रोकने के लिए प्रयागराज में बाहरी गाड़ियों की एंट्री पर बैन

 



प्रयागराज। महाकुंभ में मौनी अमावस्या के अमृत स्नान से पहले भगदड़ मचने के बाद भी भीड़ लगातार उमड़ रही है। इस पर सरकार ने प्रयागराज में बाहरी वाहनों की एंट्री बैन कर दी है। इससे महाकुंभ में पहुंचना मुश्किल हो गया है। अलग-अलग जिलों से प्रयागराज की ओर जाने वाली गाड़ियों को बीच रास्ते में रोक दिया गया है। बाहरी गाड़ियों को प्रवेश करने से रोकने के लिए प्रयागराज के बॉर्डर सील कर दिए हैं।


बाहरी जिलों की सड़कों पर बैरियर लगा दिया गया है। साथ ही जवान भी तैनात कर दिए गए हैं. भदोही, मिर्जापुर, चंदौली, राबरेली, सोनभद्र, कौशांबी और जौनपुर में पुलिस प्रशासन की टीमें प्रयागराज जाने वाले वाहनों को रोक रही हैं। वहीं वाराणसी से प्रयागराज आने वाली गाड़ियों को भदोही के बाबूसराय में रोक दिया गया। इसके अलावा वाराणसी में मिर्जामुराद के रखौना स्थित रिंग रोड के पास गाड़ियों को रोका गया है।

राजधानी लखनऊ और कुम्भ नगरी प्रयागराज के बीच मे पड़ने वाले रायबरेली में प्रयागराज जाने वाले रास्ते पर ट्रैफिक रोक दिया गया। कुम्भ की तैयारियों की कड़ी में रायबरेली में आधा दर्जन होल्डिंग एरिया बनाये गए थे। आज उन्ही होल्डिंग एरिया में चार पहिया वाहनों को रोक दिया गया है। इससे लोगों में जबरदस्त रोष है। लखनऊ से आने वाले चार पहिया वाहनों को रायबरेली की प्रवेश सीमा बछरांवा में बनाये गए होल्डिंग में रोके गए, उसके आगे हरचंदपुर के आईडीटीआर, आईटीआई स्टेडियम, ऊँचाहर में गाड़ियां रोकी गई हैं।

जौनपुर से वाराणसी होकर प्रयागराज जाने वाली गाड़ियों को बाबतपुर इलाके में रोक दिया गया है और उन्हें वापस भेजा जा रहा है

 वहीं जिला प्रशासन की तरफ से मिले निर्देश के बाद भदोही में बुधवार की भोर तीन बजे से ही हाईवे पर गाड़ियों को महाकुंभ की तरफ नहीं जाने दिया जा रहा है। प्रयागराज में हुई घटना के बाद चित्रकूट जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया है। इसके बाद अब चित्रकूट होकर प्रयागराज जाने वाले वाहनों को बॉर्डर पर ही रोक दिया गया है, जिससे कि ट्रैफिक और प्रयागराज मेला क्षेत्र में आव्यवस्था न फैले।

Comments