भगवान विट्ठल और संत नामदेव का तिरंगे दुपट्टे से श्रृंगार

 


गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया 


भीलवाड़ा। श्री नामदेव समाज सेवा संस्थान, भीलवाड़ा (राजस्थान) के तत्वावधान में संत नामदेव भवन, विद्युत नगर में गणतंत्र दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास और देशभक्ति के जज़्बे के साथ मनाया गया।

भवन एवं मंदिर को रंग-बिरंगे गुब्बारों, तिरंगी पताकाओं और फूल-मालाओं से सजाया गया। श्री विट्ठल भगवान एवं श्री नामदेव जी महाराज को तिरंगे दुपट्टे धारण कराए गए।



कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 11:15 बजे भवन की तीसरी मंजिल पर ध्वजारोहण के साथ हुआ। मुख्य अतिथि श्री धनेश जी रुणवाल (नगर उपनियोजक, टाउन प्लानर, UIT भीलवाड़ा), सरंक्षक श्री ओमप्रकाश जी बूलिया, रामनारायण जी तोलंबिया, बालमुकुंद जी तोलंबिया, गोविंद प्रसाद जी पोखरा, रामगोपाल जी पोखरा, शिवप्रसाद जी बूलिया, बसंत जी छापरवाल और अध्यक्ष श्री श्यामलाल जी छापरवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान गाया गया। जिससे पूरे प्रांगण में देशभक्ति का माहौल छा गया। विट्ठल भगवान और नामदेव जी के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।


भवन के प्रथम तल पर अतिथियों ने नामदेव महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया।

मुख्य अतिथि श्री धनेश जी रुणवाल, श्रीमती संतोष किजड़ा, रमेश जी डिडवानिया, संदीप जी लुंडर और शिवप्रसाद जी बूलिया ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज के समग्र विकास में एकता, अनुशासन और समर्पण की आवश्यकता पर जोर दिया।


उन्होंने बताया कि नामदेव समाज का इतिहास हमें सिखाता है कि संत नामदेव जी ने समाज में समरसता, एकता और भाईचारे का संदेश दिया। उनके उपदेश न केवल आध्यात्मिकता से भरे हुए थे, बल्कि समाज में व्याप्त कुरीतियों और भेदभाव को समाप्त करने की प्रेरणा भी देते थे। आज हमें संत नामदेव जी के बताए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है। उनके विचार हमें नैतिकता, समानता और सेवा के माध्यम से जीवन को सार्थक बनाने की प्रेरणा देते हैं।



कार्यक्रम में समाजबंधुओं ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर अखिल भारतीय नामदेव टांक क्षत्रिय महासभा जयपुर द्वारा 6 अप्रैल 2025 को जोधपुर में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन के पोस्टर और संत श्री नामदेव जी महाराज की आरती सहित वर्ष 2025 का विशेष कैलेंडर विमोचित किया गया। इसे उपस्थित सभी समाजबंधुओं को भेंट स्वरूप प्रदान किया गया।


श्री नामदेव समाज सेवा संस्थान के अध्यक्ष श्री श्यामलाल जी छापरवाल और महामंत्री डॉ. शांतिलाल जी छापरवाल ने अतिथियों को मेवाड़ी पगड़ी और उपरणा पहनाकर अभिनंदन किया। साथ ही, समाजबंधुओं को भी उपरणा पहनाकर सम्मानित करते हुए धन्यवाद प्रेषित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. शांतिलाल जी छापरवाल ने किया।


कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान की पूरी कार्यकारिणी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसके लिए अध्यक्ष श्री श्यामलाल जी छापरवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया। समारोह के समापन पर सभी उपस्थित समाजबंधुओं ने अल्पाहार ग्रहण किया।

Comments